- कार्यकर्ताओं को स्टेशन पर घेरकर पुलिस ने रोका। वहीं प्रदर्शन कर दिया ज्ञापन। कैलारस में पोस्ट ऑफिस पर प्रदर्शन किया।
मुरैना /कैलारस भीमसेन सिंह तोमर- गत दिनों उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आंदोलन कर वापिस लौट रहे किसानों को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के पुत्र द्वारा गाड़ियों के काफिले से रौंदकर मार दिया। 4 किसानों वह एक किसान परिवार के पत्रकार की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद मंत्री के पुत्र आशीष को तो गिरफ्तार कर लिया गया है। लेकिन अभी तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी को बर्खास्त भी नहीं किया गया है और ना ही षड्यंत्र करने व हिंसा फैलाने के मामले में उनके खिलाफ मुकदमा दायर कर गिरफ्तार भी नहीं किया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने मंत्री की बर्खास्तगी, गिरफ्तारी की मांग को लेकर देशभर में 6 घंटे के रेल रोको आंदोलन का आह्वान किया है। इसी कड़ी में मुरैना में संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकर्ता रेल रोकने के लिए स्टेशन पर पहुंचे। भारी पुलिस बल तैनात कर कार्यकर्ताओं को घेर कर स्टेशन पर रोक लिया गया। वहीं पर कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह करते हुए राष्ट्रपति के नाम स्टेशन मास्टर को ज्ञापन दिया। जिसमें गृह राज्य मंत्री की गिरफ्तारी व बर्खास्तगी की मांग के साथ तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने, बिजली के निजीकरण के बिल को वापस लेने, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी अनिवार्य करने का कानून बनाने की मांग की गई है। इस कार्यवाही का नेतृत्व दलित शोषण मुक्ति मंच के प्रांतीय संयोजक जेके पिप्पल, किसान सभा के जिलाध्यक्ष रामनिवास शर्मा, श्री कृष्ण यादव, अशोक कुमार, राजेंद्र सिंह, हरिसिंह माहौर आदिने किया। इसके अलावा कैलारस में पोस्ट ऑफिस पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम पोस्ट मास्टर को ज्ञापन दिया गया। कार्यवाही का नेतृत्व किसान सभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक तिवारी वरिष्ठ किसान नेता गयाराम सिंह धाकड़ ,युवा नेता महेश प्रजापति ,छात्र नेता एसएफआई के प्रांतीय सचिव राजवीर सिंह धाकड़, माता प्रसाद शर्मा, सुरेश धाकड़, सरवन लाल, सियाराम सिंह, रामदयाल नेताजी, बनवारीलाल निरारा, जगराम रजक रघुवर धाकड़ आदि ने किया। आगामी दिनों में अभियान चलाकर 26 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाली किसान महापंचायत के साथ तहसील व जिला मुख्यालयों पर किसानों की ओर से भूख हड़ताल का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी मोर्चा की ओर से दी गई है।