
इटावा / प्रदर्शन करने घरों से निकले थे बच्चे, एसएसपी ने समझाया नागरिकता कानून, घर वापस हुए सभी
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुई हिंसा, पर शांत रहा इटावा
इटावा. नागरिकता कानून के विरोध को लेकर उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक शहरों में शुक्रवार को नमाज के बाद उग्र प्रदर्शन हुए। इस बीच इटावा से एक सुखद तस्वीर सामने आई है। यहां सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों को एसएसपी संतोष मिश्रा ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और नेशनल सिटीजन रजिस्टर (एनआरसी) में फर्क समझाया और उन्हें यह भी बताया कि, आपको कोई भी भारत से नहीं निकाल सकता है। आप सब यहीं रहेंगे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को हंसी-खुशी घर भेज दिया। एसएसपी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एसएसपी ने क्या कहा?
कुछ बच्चे युवाओं की टोली के साथ शुक्रवार को नागरिकता कानून के विरोध में सड़क पर उतरे थे। सुबह से ही पुलिस संवेदनशील इलाकों में गश्त कर रही थी। एसएसपी संतोष मिश्रा भी संदिग्धों पर नजर रख रहे थे।
तभी एसएसपी ने कुछ बच्चों को रोका और उनसे बातचीत शुरू की। विश्वास में लेकर एसएसपी ने बच्चों से कहा कियहीं रहना है। देख लेना कल भी थे, और कल भी रहेंगे। कोई ऐसा कानून नहीं है जो भारत के किसी नागरिक को निकाल सके। एक बच्चे से उसका नाम पूछा तो उसने अपना नाम मोहम्मद ताहिर बताया। कहा किस्कूल जाते हो, स्कूल से छुट्टी नहीं मिलने वाली है।
माहौल बनाया खुशनुमा
किसने कह दिया यहां से बाहर जाना है? ये सब अफवाह है। अफवाहों पर विश्वास न करिए। जो भारत के लोग हैं, इटावा के लोग हैं, उनके इस कानून से घबराना नहीं है। यह कानून देश में बाहर से आए लोगों से है। इसके बाद माहौल खुशनुमा हो गया और लोग वापस अपने घरों को लौट गए।