संजीव शर्मा RB न्यूज़ भिण्ड
●कांग्रेस नेता सत्यदेव कटारे ने दिलाया था राज्यमंत्री का दर्जा।
नागरिक आपूर्ति निगम के पूर्व उपाध्यक्ष शंकर सिंह भदौरिया की कोरोना के चलते बुधवार को निधन हो गया। पूर्व उपाध्यक्ष भदौरिया का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव अटेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रमटा में किया गया। पूर्व उपाध्यक्ष के निधन पर भिंड जिले के राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, समाजसेवियों ने गहरा शोक जताया।
पूर्व उपाध्यक्ष भदौरिया ने सर्दी, जुखाम और खांसी से पीड़ित होने पर बीते दिनों कोविड जांच कराई तो वे पॉजिटिव आए थे। इसके बाद ग्वालियर के कल्याण हॉस्पिटल में 12 दिन भर्ती रहे। यहां चिकित्सकों ने फेफड़ों और लंग्स पर इंफेक्शन ज्यादा होने की बात कही। इसके बाद जेएएच के सुपर स्पेशलिटी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां पिछले चार दिनों से ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। बुधवार की सुबह पूर्व उपाध्यक्ष भदौरिया ने अंतिम सांस ली। इसके बाद उनकी बॉडी को परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पूर्व उपाध्यक्ष भदौरिया को मुखाग्नि उनके बेटे याज्ञवेंद्र सिंह ने दी। भदौरिया के पारिवारिक सदस्य और बचपन के मित्र ओम पुरोहित के मुताबिक साल 1997 में कांग्रेस के शासन काल में तात्कालिक खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सत्यदेव कटारे ने शंकर सिंह भदौरिया को राज्यमंत्री का दर्जा देते हुए नागरिक आपूर्ति निगम का उपाध्यक्ष बनाया था। वे कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में हमेशा शामिल रहे।